चित्र कला

ब्रज डिस्कवरी, एक मुक्त ज्ञानकोष से
Asha (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित ०८:४३, १ सितम्बर २००९ का अवतरण
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ


चित्रकला / Art

आत्माभिव्यक्ति मानव की प्राकृतिक प्रवृति है। अपने अंतर के भाव प्रकट किए बिना वह रह नहीं सकता। और, भावों का आधार होता है, मनुष्य का परिवेश। विद्वानों की मान्यता है कि आदिम काल में जब भाषा और लिपि-चिन्हों का आविर्भाव नहीं हुआ था, रेखाओं के संकेत से ही व्यक्ति स्वयं को अभिव्यक्त करता था। गुफाओं के अंदर आज जो शिलाचित्र मिलते हैं, वे ही चित्रकला के आदि प्रमाण हैं। तब का मानवजीवन पशुओं आदि के अधिक निकट था, जीवन के अन्य पक्ष अभी विकसित होने थे, इसलिए तत्कालीन भारतीय चित्रांकन भी इतने तक ही सीमित मिलता है।

विकास

सभ्यता के विकास के साथ परिस्थितियां बदलती गई। भारत धर्म और आध्यात्म की ओर आकृष्ट हुआ। यहां बाह्य सौंदर्य की अपेक्षा आंतरिक भावों को प्रधानता दी गई। इसलिए भारत की चित्रकला में भाव-भंगिमा, मुद्रा तथा अंगप्रत्यंगों के आकर्षण के अंदर से भावपक्ष अधिक स्पष्ट उभरकर सामने आया। कालांतर में राजनीतिक कारणों से भारत की चित्रकला पर ग्रीक कला का प्रभाव पड़ा। फिर आया भारतीय संस्कृति का स्वर्ण युग । इस युग की चित्रकला की सर्वोत्तम कृतियां हैं -

  • अजंता के चित्र,
  • देवी-देवताओं की मूर्तियां आदि जिनको देखकर लोग आश्चर्यचकित रह जाते हैं

इस्लाम धर्म चित्रकला के प्रति उदासीन ही नहीं वरन वर्जना-भाव वाला रहा है। इसलिए मुस्लिम शासन के आरंभिक काल में भारतीय चित्रकला का विकास रूक-सा गया । किंतु अकबर के समय में इसमें परिवर्तन हुआ। धर्मग्रंथों के अलंकरण के रूप में चित्रकला फिर पनपने लगी। साथ ही फारसी शैली का भी उस पर प्रभाव पड़ा।

सुलतानों का विरोधी दृष्टिकोण

दिल्ली के सुलतानों ने इस्लामी उसूलों की पाबंदी के नाम पर मंदिर-मूर्ति, गान-वाद्य एवं नृत्य-नाटय की भाँति चित्रकला के प्रति भी विरोधी रूख अपनाया था।

  • चित्रकला के मर्मज्ञ राय कृष्णदास जी ने लिखा है, - "यद्यपि कुरान में मूर्ति-पूजा की भाँति चित्रकारी के विरूद्ध स्पष्ट रूप से आदेश नहीं है; तथापि 'हदीस में चित्रकार के लिए कयामत के दिन नर्क में स्थान दिये जाने का उल्लेख हुआ है। उसके अनुसार चित्रकार का यह बड़ा भारी अपराध है कि वह प्राणियों की आकृति बना कर खुदा के काम में दखल देता है।" [१]
  • चित्र कला के विख्यात विद्वान श्री नानालाल चमनलाल मेहता ने इस्लाम के उक्त दृष्टिकोण पर टिप्पणी करते हुए लिखा है, जो करामात सृजनहार की हो सकती है, उसमें मनुष्य को हस्तक्षेप का अधिकार नहीं। चूँकि चित्रकार यह साधारण सी बात नहीं समझता है, और जीवित पदार्थों की प्रतिमाएँ या तस्वीरें बनाता है, इसी कारण उसका कार्य अतीव निंदनीय है। यह भी लिखा गया है कि जहाँ चित्र होते हैं, वहाँ देवताओं का वास नहीं हो सकता।
  • 13 वीं शताब्दी के मशहूर मौलवी नव्वी ने लिखा है कि इस्लामी धर्म के अनुसार ईश्वर की सृष्टि का अनुकरण कर कोई भी चीज बनाना पाप है; चाहे वह कपड़े पर, कालीन पर, सिक्के पर, बर्तन पर या किसी भी चीज पर हो। फूल-पत्तियों और नक्कशी के काम के लिए, जो प्राण-विहीन हैं, कोई निषेध नहीं। दुनियां के संप्रदायों में कला के विषय में यह इस्लामी दृष्टिकोण अनोखा ही है।" [२]

इस्लाम के अतिरिक्त सभी धर्मों में चित्रकला और चित्रकार को प्रश्रय दिया गया है। हिन्दू-जैन मंदिरों, बौद्ध विहारों यहाँ तक कि ईसाइयों के गिरजाघरों में भी भक्ति-भावना के पोषण के लिए धार्मिक चित्र होते हैं; किंतु किसी मसजिद में तस्वीरों के लिए कोई स्थान नहीं है! इस्लाम के इस दृष्टिकोण के कारण दिल्ली के सुलतानों ने चित्रकला को प्रोत्साहन देने के बजाय उसके प्रति विरोध-भाव प्रदर्शित किया था।


सुलतान फीरोजशाह तुगलक (सं. 1408-सं. 1445) एक हिन्दू माता का पुत्र था। वह अपने को किसी भी मुसलमान से अधिक कट्टर सिद्ध करने के लिए इस्लामी उसूलों का बड़ी कठोरता से पालन करने का प्रदर्शन किया करता था। उसने अपने आत्मवृत्तांत में लिखा है,- ' प्रासादों की दीवारों और दरवाजों पर जो तस्वीरें थीं, उन सब को उसने अल्लाताला की आज्ञानुसार पुतवा दिया, और जिन-जिन वस्तुओं, डेरे, परदे , कुर्सियों पर जहाँ-जहाँ किसी किस्म की मूर्ति पाई गई, उसको भी मिटा दिया था। उसकी निगाह में यह एक धार्मिक कर्त्तव्य था । [३]इस एक उदाहरण से ही सुलतानों की चित्र कला के प्रति दूषित मनोवृत्ति को समझा जा सकता है।


भारत के जिस भाग में सुलतानों का आधिपत्य रहा, वहाँ चित्रकला की प्रगति मंद पड़ गई थी। किंतु जहाँ उनका आधिपत्य नहीं हुआ, अथवा जो स्थान उनके प्रशासनिक केन्द्रों से दूर थे, वहाँ चित्रकला के तत्कालीन सभी रूप किसी प्रकार चलते रहे थे। उदाहरणार्थ सुलतान सिकंदर लोदी के काल में मानसिंह तोमर द्वारा ग्वालियर राज्य में अन्य कलाओं के साथ-साथ चित्रकला की उन्नति में भी योग दिया गया था। ग्वालियर राज्य के पतन का प्रभाव वहाँ की चित्रकला पर भी पड़ा था।


बंगाल के बौद्ध धर्मावलंबी पाल नरेशों द्वारा भारत के पूर्वी भाग में चित्र कला की जो पाल शैली प्रचलित की गई थी, उसकी प्रगति बौद्ध धर्म के अवसान के अनंतर शिथिल पड़ गई थी। किंतु देश के पश्चिमी भाग की 'जैन या गुजराती शैली' अथवा राय कृष्णदास जी द्वारा नामांकित 'अपभ्रंश शैली' सुलतानों के शासन काल में भी जैनियों के प्रयत्न से प्रगति के पथ पर अग्रसर होती रही थी। उस तथाकथित 'अपभ्रंश शैली' का कुछ विकसित रूप 15 वीं शती में गुजरात और राजस्थान में निर्मित हुआ था। बाद में उसी की शाखा प्रशाखाएँ विविध शैलियों के नामों से अन्य स्थानों में भी फैल गई थीं।


बंबई के प्रिंस आफ वेल्स संग्रहालय में जैन ग्रंथ 'कल्पसूत्र' की एक सचित्र पांडुलिपि 15 वीं शती के आरंभिक काल की है। इसे पश्चिम की सचित्र लेखन कला का एक दर्शनीय नमूना कहा जा सकता है। इसी संग्रहालय में ताल पत्र पर लिखित हिन्दू ग्रंथ देवी माहात्म्य की एक सचित्र प्रति भी उसी काल की है, जिसे नेपाल में तैयार किया गया था। हिन्दू ग्रंथ 'बाल गोपाल स्तुति' की एक सचित्र पांडुलिपि भी उक्त संग्रहालय में है। यह 15 वीं शती के उत्तरार्ध की है। अहमदाबाद के मुनि श्री पुण्यविजय जी के संग्रहालय में जैन ग्रंथ 'कल्पसूत्र' की दो सचित्र पांडुलिपियाँ हैं। इनमे से एक सं. 1522 (सन 1465) में जौनपुर में तैयार की गई थी। दूसरी प्रति भी प्राय: उसी काल की है, किंतु उस पर उसके लेखन एवं चित्रण के स्थान और संवत् का उल्लेख नहीं है। इन कतिपय उदाहरणों से ज्ञात होता है कि सुलतानों के शासन काल में चित्रकला के विविध रूपों का प्रचार था; यद्यपि राजकीय असहिष्णुता के शिकार होने के कारण अब उनके थोड़े ही नमूने जहाँ-तहाँ शेष रह गये हैं। मुगल शासन के अवसान के बाद यह चित्रकला देशी राज्यों तक सीमित रह गई। इसी बीच

  • राजस्थानी शैली,
  • कांगड़ा या पहाड़ी शैली के चित्र बने। राग-रागनियों के चित्रों के निर्माण का भी यही समय है।

ब्रज की सल्तनतकालीन चित्रकला

सुप्रसिद्ध चित्रकार एवं कला शिक्षक श्री जगन्नाथ अहिवासी ने ब्रज की चित्र कला का संक्षिप्त सर्वेक्षण करते हुए आरंभ में ही लिखा है, जिस ब्रज की मूर्तिकला इतनी सुन्दर और प्रचुर थी, उसमें 15 वीं शती से पूर्व चित्रकला के उदाहरणों का न मिलना आश्चर्यजनक है ।" [४] ब्रज की विभिन्न कालीन बर्बादी को देखते हुए यहाँ की चित्रकला के उदाहरणों का न मिलना उतना आश्चर्यजनक नहीं है, जितना कि इसकी परंपरा की विद्यमानता को ही अस्वीकार करना। ब्रज की भीषण बर्बादी के कारण जब मंदिर-मूर्तियों के अवशेष तक समुचित संख्या में उपलब्ध नहीं होते, तब चित्रकला के उदाहरणों का न मिलना आश्चर्य की बात नहीं है। आखिर चित्रकला के फलक तो पाषाण निर्मित कलाकृतियों की अपेक्षा बहुत कम आयु के होते हैं।


ऐसी स्थिति में भी बृहत ब्रजमंडल के कतिपय स्थानों से मध्यकालीन चित्रकला के कुछ उदाहरण मिले हैं। इन स्थानों में त्रिभुवन गिरि-तहनगढ़ और कामवन के नाम उल्लेखनीय हैं। त्रिभुवन गिरि वर्तमान राजस्थान के करौली नगर से 24 मील की दूरी पर स्थित है। 12 वीं शताब्दी में यादव राजा कुमारपाल वहाँ का शासक था। करौली और उसका निकटवर्ती क्षेत्र मध्य काल में ब्रजमंडल के अंतर्गत था, और वहाँ के यादव राजा शूरसेन जनपद (प्राचीन मथुरा राज्य) के उन यादवों के वंशज थे, जिनके नेता श्रीकृष्ण थे। त्रिभुवन गिरि के यादव राजा कुमारपाल ने जैन मुनि जिनदत्त सूरि जी से प्रतिबोध प्राप्त किया था, और उन्हें एक चित्रित काष्ठ फलक भेंट किया था। श्री जिनदत्त सूरि ने सं. 1169 में आचार्य पद प्राप्त किया था; अतएव उक्त काष्ठ फलक का निर्माण काल सं. 1175 के लगभग माना जा सकता है। उसका परिचय देते हुए श्री भँवरलाल नाहटा ने लिखा है,- इस फलक के मध्य में हाथी पर इंद्र व दोनों ओर नीचे चामरधारी नवफण पार्श्वनाथ भगवान का जिनालय है, जिसकी सपरिकर प्रतिमा में उभय पक्ष अवस्थित हैं। दाहिनी ओर दो शंखधारी पुरूष खड़े हैं। भगवान के बायें कक्ष में पुष्प-चंगेरी लिये हुए एक भक्त खड़ा है, जिसके पीछे दो व्यक्ति नृत्यरत हैं। वे दोनों वाद्य यंत्र लिये हुए हैं। जिनालय के दाहिनी ओर श्री जिनदत्त सूरि जी की व्याख्यान सभा है। आचार्य श्री के पीछे दो भक्त श्रावक एवं सामने एक शिष्य व महाराजा कुमारपाल बैठे हुए हैं। महाराजा के साथ रानी तथा दो परिचारक भी विद्यमान हैं। जिनालय के वायीं तरफ श्रीगुणसमुद्राचार्य: विराजमान हैं, जिनके सामने स्थापनाचार्य जी व चतुर्विध संघ हैं। साधु का नाम पंडित ब्रह्माचंद्र है। पृष्ठ भाग में दो राजा हैं, जिनके नाम चित्र के उपरि भाग में 'सहण' व 'अनंग' लिखे हैं। साध्वी जी के सामने भी स्थापनाचार्य हैं, और उनके समक्ष दो श्राविकाएँ हाथ जोड़े खड़ी हैं। इस काष्ठ फलक में जिस नवफण पार्श्वनाथ जिनालय का चित्र है, सूरि महाराज की जीवनी के आधार पर हम कह सकते हैं कि यह जिनालय नरहड़-नरभट में उन्होंने स्वयं प्रतिष्ठापित किया था। पार्श्वनाथ प्रभु की प्रतिमा को नवफणमंडित बनवाने की प्रथा गणधर सार्ध-शतक वृत्यनुसार श्री जिनदत्त सूरि जी महाराज से ही प्रचलित हुई थी । [५] यह काष्ठ ब्रजमंडल की मध्य कालीन जैन चित्रकला का एक दुर्लभ उदाहरण है। इस समय यह जैसलमेर (राजस्थान) के ग्रंथ-भंडार में संख्या 241 के 'चंद्रपन्नति सूत्र' नामक ग्रंथ के साथ संलग्न है। नाहटा जी का कथन हैं, यह काष्ठ फलक पहिले उस ग्रंथ के साथ था, जिसे यादव राजा कुमारपाल ने लिखवाया था। वह ग्रंथ इस समय उपलब्ध नहीं है, और यह काष्ठ फलक अन्य ग्रंथ चंद्रपन्नति सूत्र के साथ लगा दिया गया है।


मध्य कालीन चित्रकला का दूसरा उदाहरण कामवन का वह विष्णु-मंदिर था, जिसे यादव राजा पर्जन्यदामा ने सं. 1250 में निर्मित किया था। उसके अभिलेख में जो 'चित्रकर्मोज्वलं महत्' शब्दावली है, उससे उक्त मंदिर में उत्तम चित्रकारी किये जाने का संकेत मिलता हैं ऐसा ज्ञात होता है, उस कलात्मक मंदिर की दीवारों पर सुंदर चित्र बनाये गये थे, जो मध्य कालीन हिन्दू चित्र कला के अच्छे उदाहरण होंगे। जैसा पहिले लिखा गया है, उस मंदिर को गुलाम वंश के सुल्तान इल्तमश ने 13 वीं शती में क्षतिग्रस्त किया था, और बाद में फीरोज तुगलक ने सं. 1410 में उसे पूरी तरह धराशायी करा दिया था। इस समय उस मंदिर के जो ध्वंसावशेष मिले हैं, उनमें कोई चित्रित पाषाण खंड नहीं है। यदि वह मिल जाता, तो मध्य कालीन हिन्दू भिक्ति-चित्रों का एक महत्वपूर्ण नमूना होता। उस काल में कृष्ण लीला के अंकन का माध्यम भी मूर्ति कला से अधिक चित्रकला होने लगी थी, और राजपूत राजाओं ने उसे प्रश्रय दिया था। खेद है, कृष्ण लीला संबंधी उस काल का एक भी चित्रित फलक उपलब्ध नहीं है।


जहाँ तक उस काल की चित्र-शैली संबंध है, उसे सुरक्षित जैन फलकों के अवलोकन से जाना जा सकता है। निश्चय ही ये जैन कला से संबंधित हैं, और संभवत: उस काल की हिन्दू कला से भिन्न हो सकते हैं। किंतु मथुरा की तत्कालीन हिन्दू चित्रकला का कोई उल्लेखनीय नमूना न मिलने से इन जैन फलकों का महत्व मध्य कालीन चित्र कला की समीक्षा के लिए स्वयंसिद्ध हैं। यह बतलाने की आवश्यकता नहीं कि वैष्णव भक्ति-संप्रदायों का उदय होने से पहिले ब्रजमंडल में जैन धर्म का व्यापक प्रचार था। सुलतानी शासन के पूर्वार्ध में जैन धर्म ही यहाँ का प्रमुख धर्म था। जैनियों ने अन्यत्र सचित्र ग्रंथों के निर्माण कराने में जैसा अनुपम उत्साह दिखलाया था, उससे अनुमान होता है कि ब्रज में भी अनके द्वारा उस काल में सचित्र ग्रंथ निर्मित कराये गये होंगे। यहाँ के उपासना-गृहों, पूजा-स्थलों एवं मंदिर-देवालयों में भित्ति-चित्रों को आलेखन पहिले से ही प्रचलित था। इस प्रकार सुलतानी शासन काल में ब्रज में चित्र कला के प्राय: सभी प्रमुख रूप प्रचलित थे; किंतु सुलतानों के विरोधी दृष्टिकोण के कारण उनका ऐसा सर्वनाश हुआ कि इस समय उनके कोई उल्लेखनीय उदाहरण उपलब्ध नहीं है। इससे ऐसा समझा जाने लगा है कि सुलतानी काल में ब्रज की कोई निजी चित्र-शैली ही नहीं थी, जब कि उस काल में अन्यत्र कई स्थानीय शैलियाँ प्रचलित थीं।

ब्रजशैली की विद्यमानता

सुलतानी शासन काल में उत्तरी भारत के विभिन्न स्थानों में जो कतिपय चित्र शैलियाँ प्रचलित थीं, उनमें से किसी को भी 'ब्रज शैली' की संज्ञा नहीं दी गई है; यद्यपि उसकी विद्यमानता का संकेत मिलता है। सुलतानी शासन के अंतिम काल में वैष्णव भक्ति संप्रदायों के कारण ब्रजमंडल में नूतन युग का आरंभ हुआ था। उस समय यहाँ की दुर्दशाग्रस्त कलाओं के पुनरूद्धार का प्रयत्न किया गया था। उस नवोत्थान के सूत्रधार जो वैष्णव धर्माचार्य थे, उनमें पुष्टि संप्रदाय के प्रवर्तक श्री वल्लभाचार्य जी प्रमुख थे। वे दिल्ली के लोदीवंशीय सुलतानों के दमनकारी शासन काल में हुए थे। जिस समय वे सर्वप्रथम मथुरा आये थे, उस समय सिकंदर लोदी के अत्याचारों से यहाँ के निवासी बड़े आतंकित एवं उत्पीड़ित थे। श्री वल्लभाचार्य जी ने सिकंदर लोदी के अमानवीय आदेशों का निर्भयतापूर्वक उल्लंघन कर हिन्दुओं में आत्मबल का संचार किया, और उनकी कई कठिनाईयों को दूर कराने में सफलता प्राप्त की थी; उसी काल में श्री वल्लाचार्य जी का छवि चित्र किसी हिन्दू चित्रकार ने बनाया था। 'सम्प्रदाय कल्पद्रुम' में उस चित्र का आलेखन काल सं. 1567 बतलाया गया है। उस मूल चित्र के आधार पर उनके छवि चित्र समय-समय पर बनते रहे थे। उन चित्रों के अतिरिक्त उस काल में अन्य संतों एवं भक्तों के चित्र भी बनाये गये थे। उन चित्रों की शैली को राय कृष्णदास जी ने 'ब्रजशैली' न कह कर राजस्थानी शैली कहा है। उन्होंने लिखा है— उसी काल में संत कबीर, गुरूवर नानक देव और ब्रज के कई भक्त धर्माचार्यों की छवियाँ मिलती हैं। यद्यपि किसी शवीहों का आलेखन काल कुछ बाद का हैं, तथापि उनकी आकृतियाँ इतनी निश्चित है; और उनमें इतनी वास्तवकिता है कि असंदिग्ध रूप से असली और सम सामायिक चित्रों की पारंपरिक प्रतकृतियाँ प्रमाणित होती हैं। इन चित्रों में अपभ्रंश शैली की कोई धुन नहीं मिलती , और न उस शैली में ऐसी शवीह लिखने की शक्ति ही थी; अतएव ये छवियाँ मूलत: राजस्थानी शैली की हैं। इन प्रमाणों से राजस्थानी शैली का आरंभ 15 वीं शती के उत्तरार्ध से 16 वीं शती के पूर्वार्ध के बीच, संभवत: 1500 ई0 (सं. 1557) के लगभग असंदिग्ध रूप से प्रतिपादित होता है ।"[६]


उक्त तथाकथित राजस्थानी शैली का निजस्व राय साहब ने 'एक चश्म' चेहरा माना है, जो उसे पूर्ववर्ती अपभ्रंश शैली के संवा चश्म' चेहरों से पृथक् करने वाला है। श्री वल्लभाचार्य जी के मूल: चित्र और उसकी प्रतिछवियों में भी एक चश्म चेहरे की विशेषता है, अत: उसकी कला-शैली को राजस्थानी शैली कहने की अपेक्षा ब्रजशैली कहना अधिक उपयुक्त होगा। उक्त घटना से यह प्रमाणित होता है कि ब्रज की एक निजी चित्र शैली थी, जिसकी परंपरा सुलतानी शासन काल में भी प्रचलित थी। वह ब्रज शैली सल्तनत काल के उतार-चढ़ाव को सहन करती हुई मुगल सम्राट् अकबर के काल में अत्यंत विकसित हुई थी। कालांतर में औंरगजेब के विरोधी दृष्टिकोण के कारण उक्त शैली के अनेक चित्रकार ब्रज को छोड़ कर राजस्थान के कई राज्यों में विशेष रूप से मेवाड़ में जा बसे थे; जहाँ उनकी कला ने 'नाथद्वारा शैली' के नाम से ख्याति प्राप्त की थी। इसका विशद विवरण इस प्रकार लिखा गया है।

ग्वालियर दुर्ग स्थित महलों की चित्रकारी

ग्वालियर दुर्ग में राजा मानसिंह तोमर द्वारा निर्मित 'मान मंदिर' और 'गूजरी महल' का उल्लेख स्थापत्य काल कें प्रसंग में किया जा चुका है। इन महलों के भीतरी भागों की दीवारों को भित्ति-चित्रों से अलंकृत किया गया था। इनमें से कुछ चित्रों की रंगीन आकृतियाँ अभी विद्यमान हैं; किंतु अधिकाशं चित्रों के रंग फीके पड़ गये हैं।

अन्य कलाएँ एवं विद्याएँ

जो प्रमुख कलाएँ 'सल्तनत काल' में प्रचलित थीं, उनके अतिरिक्त कुछ अन्य कलाएँ एवं विद्याएँ भी उस काल में विद्यमान थीं। वे कलाएँ एवं विद्याएँ थीं :-

  1. युद्ध कला,
  2. आखेट कला,
  3. मल्ल कला,
  4. प्रसाधन कला,
  5. वस्त्राभूषण कला,
  6. केश-सज्जा,
  7. द्यूत क्रीड़ा,
  8. कंदुक क्रीड़ा आदि।

अंग्रेज यथार्थवादी भौतिक संस्कृति लेकर भारत आए। उनकी चित्रकला बाह्य को ही यथावत उतारती है। इसका प्रभाव भारत के चित्रकारों पर भी पड़ा। रवि वर्मा (1848-1905 ई0) के चित्र इसके प्रमाण हैं। इसके बाद भारत के नवजागरण से प्रभावित चित्रकला का नया रूप सामने आया। इसके मुख्य प्रवर्तक रहे हैं -

  • अवनीन्द्रनाथ ठाकुर ,
  • नंदलाल वसु,
  • रवीन्द्रनाथ ठाकुर,
  • यामिनी राय,
  • असित हालदार,
  • अमृता शेरगिल आदि। इस युग से कला राजपूताना या कांगड़ा शैली के नख-शिख चित्रण से हटकर रंग और रेखाओं के माध्यम से भावनाओं को व्यक्त करने की ओर अभिमुख हुई और आज के भारतीय चित्रकारों की कृतियां इस प्रयोगवादी शैली से प्रभावित हैं।

वर्तमान समय में अभिव्यक्ति और अलंकरण के आधार पर चित्रकला दो मोटे भागों में बांटी जाती है--

  • 'फाइन आर्ट' जिसमें भावाभिव्यक्ति की प्रधानता है और
  • 'कामर्शियल आर्ट' जो अलंकरण प्रधान है।
  1. भारत की चित्र कला (राय कृष्णदास) , पृष्ठ 38
  2. भारतीय चित्र कला (एन0सी0 मेहता), पृष्ठ 37
  3. भारतीय चित्र कला (एन0सी0 मेहता), पृष्ठ 38
  4. ब्रज का इतिहास (संपादक-डा0 कृष्णदत्त बाजपेयी), द्वितीय खंड, पृष्ठ 96
  5. श्री जिनदत्त सूरि जी के 'चित्रमय प्राचीन काष्ठ फलक।' (सरस्वती, दिसंबर 1965)
  6. भारत की चित्र कला (राय कृष्णदास), पृष्ठ 57